स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

औचक निरीक्षण से बिजली उपकेंद्र पर मची अफरा-तफरी, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

Share

अधिशासी अभियंता ने सुदनीपुर उपकेंद्र का किया निरीक्षण, राजस्व वसूली और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर दिया जोर

फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता आर.के. पांडेय ने शनिवार को उपखंड अधिकारी सुजीत कुमार के साथ ग्राम पंचायत सुदनीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर, शिकायत पंजिका एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। इसके बाद उन्होंने विद्युत आपूर्ति फीडर पैनलों, पावर ट्रांसफार्मरों तथा उपकेंद्र की अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवर अभियंता, एसएसओ और लाइनमैनों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने, अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं से शीघ्र वसूली करने तथा बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता ने वर्षा ऋतु को देखते हुए नियमित पेट्रोलिंग करने, बिजली के खंभों, स्टे वायर और तारों की सुरक्षा जांचने तथा संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोग बिजली के खंभों के पास पशु न बांधें और विद्युत लाइनों के नीचे सुरक्षा नियमों का पालन करें।

उन्होंने उपकेंद्र परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए कहा कि शिथिलता किसी भी स्तर पर क्षम्य नहीं होगी।

इस अवसर पर अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह, एसएसओ आशीष पाल, पंकज कुमार, राजेश कुमार, सिकंदर पाल, इंद्रसेन शर्मा, आबिद सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट _ आर पी सिंह 

Editor Karishma
Author: Editor Karishma

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!