वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी में लापरवाही और ड्यूटी में शिथिलता पर गिरी गाज, विभागीय जांच के आदेश
आजमगढ़। जनपद में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर थाना मेंहनगर के उप निरीक्षक (SI) उमेश कुमार सिंह तथा थाना गंभीरपुर पर तैनात रिक्रूट आरक्षी रुद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, SI उमेश कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। थाना क्षेत्र में दर्ज एक मुकदमे के वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों की भी अनदेखी की, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
वहीं रिक्रूट आरक्षी रुद्र प्रताप सिंह पर वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी ड्यूटी का समुचित पालन न करने का आरोप है। प्रथम दृष्टया कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।






