स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

तेज आंधी-बारिश से फूलपुर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, पाकड़ का पेड़ गिरने से कई पोल टूटे

Share

मिर्चा मंडी व उदपुर में बिजली लाइनों को भारी नुकसान, दर्जनों पोल टूटे; मरम्मत में जुटा विभाग

फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों को धान की रोपाई के लिए पर्याप्त पानी मिल गया। हालांकि आंधी-बारिश ने नगर की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
शाम करीब सात बजे नगर पंचायत फूलपुर के पुरानी मिर्चा मंडी रोड पर शिव कुमार की दुकान के सामने विशाल पाकड़ का पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और मिर्चा मंडी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

विभाग ने ट्रांसफार्मर से लाइन अलग कर अन्य वार्डों में आपूर्ति बहाल कराई। अवर अभियंता देवेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ रातभर पेड़ हटाने और लाइन दुरुस्त कराने में जुटे रहे, जिसके बाद रात करीब 12 बजे नगर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

इसी बीच रविवार तड़के करीब चार बजे उदपुर ग्राम पंचायत स्थित रेलवे स्टेशन चौराहे के पास लखनऊ-बलिया मार्ग पर एक और विशाल पाकड़ का पेड़ गिर गया। इससे दर्जनों विद्युत पोल टूट गए और केबल क्षतिग्रस्त हो गई। परिणामस्वरूप रेलवे स्टेशन, अस्पताल, सरकारी कार्यालयों तथा उदपुर गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग, विद्युत विभाग और लाइनमैनों की टीम मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की मदद से पेड़ हटाने, नए पोल लगाने और केबल बदलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया।

अवर अभियंता देवेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के कारण कार्य में कठिनाई आ रही है, फिर भी टीम लगातार जुटी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए पोल और केबल लगाने का कार्य पूरा होते ही देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

रिपोर्ट _ आर पी सिंह 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!