स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

आकाशीय बिजली से दो ट्रांसफार्मर फुंके, सैकड़ों घरों की बिजली दिनभर रही गुल

Share

तेज बारिश से विद्युत व्यवस्था चरमराई, मोबाइल ट्रांसफार्मर से बहाली में जुटा विभाग

फूलपुर (आजमगढ़)। गुरुवार तड़के हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने फूलपुर नगर पंचायत समेत ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से नगर के मुख्य चौक पर स्थापित 400 केवीए तथा चकनूरी गांव के 25 केवीए ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों घरों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।

बारिश के दौरान कई स्थानों पर विद्युत लाइनों में फॉल्ट आने से आपूर्ति बार-बार प्रभावित होती रही। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन सुरक्षा उपकरणों के साथ बारिश के बीच ही फॉल्ट ठीक करने में जुट गए। मुख्य चौक का ट्रांसफार्मर खराब होने से नगर में सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जबकि चकनूरी गांव में पूरे दिन बिजली न रहने से ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने सहित दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपखंड अधिकारी सुजीत कुमार ने सभी अभियंताओं को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए और स्वयं भी विद्युत व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नगर में खराब हुए 400 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शाम तक नगर की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं चकनूरी गांव के 25 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए कार्यशाला को सूचना भेज दी गई है। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही वहां भी आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बारिश के दौरान बिजली के तार, खंभे, स्टे-रॉड तथा टूटे हुए केबल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी तकनीकी खराबी की सूचना तत्काल विद्युत उपकेंद्र को दें तथा स्वयं मरम्मत करने का प्रयास न करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

रिपोर्ट : आर.पी. सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!