‘भारत माता की जय’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर, बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम
फूलपुर (आजमगढ़)। स्थानीय न्यू ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के वीर रणबांकुरों और अमर शहीदों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा विद्यालय ‘भारत माता की जय’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।

विद्यालय के प्रबंधक चंद्रिका प्रताप यादव ने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना के वीर जवानों ने कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर कारगिल की ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे और उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य अजीत कुमार कुशवाहा ने किया। एकेडमिक प्रिंसिपल संजुक्ता सिंह श्यामल तथा वाइस प्रिंसिपल दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






