फूलपुर पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोपी को घर के बाहर से दबोचा
फूलपुर(आजमगढ़): थाना फूलपुर क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट एवं जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के बाहर से पकड़कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को लालमती पत्नी राजेन्द्र चौहान निवासी रामपुर खुर्द ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पड़ोसी दुर्गेश पुत्र बिन्देश्वरी ने जमीनी विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए उन्हें तथा उनके पति के साथ मारपीट की। घटना में उनके पति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि लालमती को भी आंतरिक चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 167/2026 धारा 109/115(2)/351(3)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार द्वारा विवेचना की जा रही थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त दुर्गेश पुत्र बिन्देश्वरी निवासी रामपुर खुर्द को बुधवार तड़के करीब 1:34 बजे उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।







