फूलपुर(आजमगढ़): थाना फूलपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शादी समारोह के दौरान बैग से सोने-चांदी के जेवरात गायब होने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मामले की जांच कर चोरी गए जेवरात बरामद कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फूलपुर देहात निवासी सुमन पुत्री लखनदर सोनकर ने एसएसपी व पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परीक्षित आजमगढ़ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 21 अप्रैल 2026 को अपनी मौसी की लड़की की शादी में शामिल होने रानी की सराय (राजा की गली) गई थी। शादी में वह सोने की मांगटीका, कान का झाला, मंगलसूत्र, एक पायल सहित अन्य जेवर पहनी हुई थी। अगले दिन 22 अप्रैल को वह अपने जेवर निकालकर बैग में रखकर नहाने चली गई। शाम को घर लौटकर बैग देखा तो उसमें रखे जेवर गायब थे, जबकि एक पायल बैग में ही छूटी हुई थी।
पीड़िता का आरोप है कि 23 अप्रैल को उसने दोबारा मौसी के घर जाकर जानकारी की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। महिला ने कुछ रिश्तेदारों पर शक जताते हुए कहा कि घटना के समय वही लोग कमरे में मौजूद थे। उसने बताया कि बाद में बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने जेवर घर में होने की बात कहकर समय भी मांगा, लेकिन बाद में टालमटोल किया जाने लगा।
महिला ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ व डीआई जी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए चोरी गए जेवरात की बरामदगी एवं आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट _विनोद शर्मा







