स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

डा० सबा शमीम अध्यक्ष नगर पालिका परिषद-मुबारकपुर के विरूद्ध आरोप सिद्ध पाए जाने पर शासन ने पद से किया बर्खास्त

Share

शासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर हटाया, गंभीर अनियमितताओं की हुई पुष्टि

आजमगढ़ |  नगर पालिका परिषद मुबारकपुर की अध्यक्ष डॉ. सबा शमीम की कुर्सी आखिरकार छिन गई है। विभिन्न शिकायतों की लंबी जांच के बाद शासन ने उन्हें पद से पदच्युत (Dismiss) कर दिया है। शासन की इस बड़ी कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

शासन द्वारा गठित विशेष जांच समिति ने डॉ. सबा शमीम के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की गहनता से पड़ताल की थी। जांच में पाया गया कि उनके विरुद्ध लगे वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप साक्ष्यों के साथ पूरी तरह सही हैं। शासन ने इन आरोपों को ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी का माना, जिसके बाद उन्हें हटाने का आदेश जारी किया गया।

उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम-1916 की धारा 48 (2) (क) व (ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए शासन ने यह कार्रवाई की है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी तथ्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया था।

डॉ. सबा शमीम ने मई 2023 के निकाय चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बड़ी जीत हासिल की थी। हालांकि, कार्यभार संभालने के कुछ समय बाद ही उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने शुरू हो गए थे। चेयरमैन की बर्खास्तगी के बाद मुबारकपुर नगर पालिका में रिक्त हुए पद को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!