- शोपीस बने ठंडे प्याऊ पर जमी धूल
- महिला सभासद ने सीडीओ को सौंपा प्रार्थना पत्र
- तहसील समाधान दिवस में आए 85 मामले,
- 85 में से मात्र 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
फूलपुर (आजमगढ़)। आदर्श नगर पंचायत फूलपुर में विकास के दावे धरातल पर दम तोड़ रहे हैं। भीषण गर्मी और लू के इस मौसम में जहाँ राहगीरों को शीतल जल की सर्वाधिक आवश्यकता है, वहीं नगर पंचायत द्वारा लाखों की लागत से लगाए गए ‘ठंडा प्याऊ जल’ बूथ पूरी तरह खराब होकर ‘शोपीस’ बन गए हैं। इन प्याऊ केंद्रों के सूखे नलों और धूल फांकते आरओ सिस्टम की बदहाली की गूँज शनिवार को आयोजित ‘सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस’ में भी सुनाई दी।

सीडीओ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ समाधान दिवस
शनिवार को फूलपुर तहसील में जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार की देखरेख में शुरू हुई कार्यवाही में कुल 85 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 73 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। हालांकि, प्रचार-प्रसार के अभाव में फरियादियों की संख्या कम रही और जिलाधिकारी के न पहुंचने से कई लोग निराश होकर वापस लौट गए।

ठंडा प्याऊ जल: कागजों में ‘आदर्श’, हकीकत में बदहाल
नगर की पेयजल समस्या को लेकर महिला सभासद ने कड़ा रुख अपनाया है। प्याऊ की संरचना नगर पंचायत की उदासीनता का जीवंत प्रमाण है। भीषण लू गर्मी के बीच प्याऊ के नल सूखे पड़े हैं और रखरखाव के अभाव में मशीनों पर धूल की मोटी परतें जम गई हैं। राहगीरों को अपनी प्यास बुझाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
— Phoolpur Express (@Phoolpurexpress) May 2, 2026
समाधान दिवस के अवसर पर नगर की चरमराई पेयजल व्यवस्था, खराब हैंडपंपों और जली हुई मोटरों के सुधार की मांग को लेकर (वार्ड 10) अनवरी बेगम महिला सभासद ने एक बार फिर शिकायत दर्ज कराया।







