“शिवालयों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जलाभिषेक और महोत्सव।”
रिपोर्ट – मनोज मोदनवाल / फूलपुर,आजमगढ़
फूलपुर (आजमगढ़): महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर फूलपुर तहसील क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवालयों में जलाभिषेक के साथ-साथ जगह-जगह निकाली गई भव्य शिव बारात आकर्षण का मुख्य केंद्र रही, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

भगवान भोलेनाथ की शाही बारात गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकाली गई। बारात में शिव-पार्वती की मनमोहक झांकियों के साथ-साथ भूत-पिशाच और देवी-देवताओं के स्वरूपों ने दर्शकों का मन मोह लिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने झूमते-गाते हुए भगवान शिव के विवाह उत्सव का आनंद लिया।

इससे पूर्व, दुर्वासा धाम के तमसा और मंजूषा नदियों के संगम तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संगम में पवित्र स्नान और ध्यान के बाद भक्तों ने दुर्वेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ कांवड़िया बंधुओं ने भी मुंडेश्वर नाथ महादेव का पूजन कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

क्षेत्र के श्री शंकर जी तिराहा, राम जानकी मंदिर, नागा बाबा मंदिर और बाबा परमहंस जी मंदिर जैसे सभी शिवालयों पर भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। बेलपत्र, फल-फूल और चंदन अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।इस अवसर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रही।






