फूलपुर में बढ़ते लोड को देखते हुए एसडीओ और जेई ने किया औचक निरीक्षण
फूलपुर (आजमगढ़)। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण विद्युत खपत में बेतहाशा वृद्धि हुई है। लगातार बढ़ते लोड के कारण उपकरणों के फुंकने के खतरे को देखते हुए विभाग अलर्ट मोड में है। गुरुवार देर रात उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ) भूप सिंह और अवर अभियंता (जेई) देवेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों का दौरा कर ट्रांसफार्मरों की स्थिति जांची।
अधिकारियों ने रात के समय 100, 200 और 400 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उपकरणों के बढ़ते तापमान (हीटिंग) को नापा गया और तेल की उपलब्धता देखी गई। भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों और तारों के गर्म होने से फॉल्ट की आशंका बनी रहती है, जिसे कम करने के लिए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लाइनमैनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अत्यधिक गर्मी के चलते कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की स्थिति नाजुक हो रही है। विभाग द्वारा उन्हें ठंडा रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें मशीनों पर पानी डालने का काम भी किया जा रहा है ताकि आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
उपखण्ड अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार ट्रांसफार्मरों की निगरानी बढ़ाई गई है। हमारा लक्ष्य उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देना है। रात में चेकिंग इसलिए की जा रही है ताकि पीक लोड के समय किसी भी संभावित खराबी को समय रहते रोका जा सके।
रिपोर्ट _आर पी सिंह /







