आज से 9 अगस्त तक लगातार हो सकती है मध्य और तेज गति की बरसात – मानसून की हो रही इलाके में दखल

Share

सहरसा बिहार : आज रविवार से आगामी 9 अगस्त तक जिले के कई स्थानों पर मध्यम से तेज गति की बरसात हो सकती है। चूंकि मानसून की दखल कोसी इलाके की ओर धीरे-धीरे बढ़ रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अब लगातार बरसात होगी।

स्थानीय अगवानपुर स्थित मंडन भारती कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अशोक पंडित ने बताया कि मानसून द्रोणी रेखा भटिंडा , जिंद , मेरठ , हरदोई से होते हुए उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के आसपास स्थित निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र शांतिनिकेतन एवं मिजोरम से होकर बांग्लादेश तक प्रभावी है। इसे उत्तर बिहार से होकर गुजरने की संभावना दिख रही है। जिसके प्रभाव से उत्तर बिहार में अगले चार दिनों (आगामी 6 अगस्त से 9 अगस्त तक) के दौरान वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होना तय है। ऐसे में जिले में एक-दो स्थानों पर जहां भारी से बहुत भारी बारिश होगी। वहीं एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की भी प्रबल संभावना दिख रही है। साथ ही अन्य जगहों पर मध्यम बरसात हो सकती है। इस दौरान मेध गर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है।

क्या बरतें सावधानी –

उन्होंने बताया कि इस दौरान नदियों के जलस्तर में वृद्धि , दृष्टिता में कमी , कच्चे रास्ते में फिसलन और उनके क्षतिग्रस्त होने की संभावना बढ़ जाएगी। वही शहरी क्षेत्र के निचले हिस्से में जलजमाव , वज्रपात से जानमाल की हानि , आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से फसलों , फलदार वृक्षों , झुग्गी-झोपड़ी और कच्चे मकान को नुकसान हो सकता है। इस दौरान नदियों में नहाने , तैरने और नाव चलाने से परहेज करना चाहिए। साथ ही बिजली चमकने या गड़गड़ाहट सुनाई देने पर पक्के मकान में शरण लेनी चाहिए। खराब मौसम के दौरान कृषि कार्य नहीं करना चाहिए।

क्या रहेगा जिले का अगले चार दिनों का तापमान –

6 अगस्त – अधिकतम तापमान – 32.8 डिग्री न्यूनतम तापमान – 24.3 डिग्री
7 अगस्त – अधिकतम तापमान – 34.5 डिग्री न्यूनतम तापमान – 23.8 डिग्री
8 अगस्त – अधिकतम तापमान -.29.7 डिग्री न्यूनतम तापमान – 22.9 डिग्री
9 अगस्त – अधिकतम तापमान -.32.2 डिग्रीन्यूनतम तापमान – 23.4 डिग्री

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई