फूलपुर: प्राचीन शंकर जी मंदिर में चोरी, दानपात्र तोड़कर नकदी पार

Share

 सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, चेहरे पर लेप लगाकर आए थे शातिर चोर

रिपोर्ट- मनोज मोदनवाल / फूलपुर, आजमगढ़

फूलपुर (संवाददाता): कस्बा स्थित ऐतिहासिक श्री शंकर जी तिराहा मंदिर को मंगलवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। शातिर चोरों ने मंदिर के भीतर रखे दो दानपात्रों के ताले तोड़कर उसमें रखी लगभग 15 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।

20 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2:00 बजे चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने बड़ी चालाकी से मंदिर के तीन में से दो दानपात्रों को तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने में उन्हें मात्र 20 मिनट का समय लगा। सुबह करीब 5:00 बजे जब मंदिर के पुजारी राजेश्वर साफ-सफाई के लिए पहुंचे, तो टूटे हुए दानपात्र देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मंदिर समिति और 112 पुलिस सेवा को दी।

पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर लगाया लेप

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर सफेद रंग का कोई लेप लगा रखा था और ऊपर से गमछा बांध रखा था। मंदिर समिति के सदस्य सुनील, संतोष और अजय जायसवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।

इस संबंध में कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, दानपात्र में कितनी सटीक धनराशि थी, इसका आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन प्राथमिक तौर पर यह राशि 15 हजार के आसपास बताई जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!