स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

ऑपरेशन के पांच महीने बाद महिला की मौत, अवैध नर्सिंग होम सील मुकदमा दर्ज, दो महिला स्टाफ गिरफ्तार, संचालक की तलाश जारी

Share

सरायमीर (आजमगढ़)। सरायमीर थाना क्षेत्र के पवई लाड़पुर स्थित डॉ. अंगद पाल के कथित अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान ऑपरेशन कराने वाली महिला की लगभग पांच महीने बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो महिला स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नर्सिंग होम संचालक की तलाश जारी है।

मृतका के पति संतोष का आरोप है कि 12 फरवरी 2026 को नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद से ही उनकी पत्नी की तबीयत लगातार बिगड़ती रही। पिछले करीब पांच महीनों तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 10 जुलाई 2026 को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि यदि ऑपरेशन सही तरीके से किया गया होता और समय पर उचित उपचार मिलता तो उसकी बहन की जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार द्वारा 10 जुलाई को किए गए औचक निरीक्षण में पाया गया कि पवई लाड़पुर स्थित नर्सिंग होम बिना वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय नर्सिंग होम संचालक डॉ. अंगद पाल मौके पर मौजूद नहीं मिले, जबकि स्टाफ के रूप में रेनू विश्वकर्मा एवं रोशनी मौजूद थीं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नर्सिंग होम में कोई वैध चिकित्सक कार्यरत नहीं था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल नर्सिंग होम को सील कर दिया और थाना सरायमीर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।

स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर थाना सरायमीर में मु.अ.सं. 181/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 11 जुलाई को वांछित अभियुक्ताओं रेनू विश्वकर्मा निवासी सोनवारा, थाना रानी की सराय तथा रोशनी निवासी संजरपुर, थाना सरायमीर को पवई लाड़पुर स्थित उनके किराये के कमरे से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। नर्सिंग होम संचालक डॉ. अंगद पाल की तलाश जारी है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!