स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

“हर बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा” के संदेश के साथ छात्राओं ने निकाली स्कूल चलो अभियान रैली

Share

उफरी गांव में बालिका शिक्षा के प्रति किया जागरूक, छात्राओं ने अभिभावकों से बेटियों को विद्यालय भेजने की अपील

फूलपुर, आजमगढ़। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक बेटी को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से श्रीमती भगवंती देवी स्मारक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अम्बारी की छात्राओं ने शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से छात्राओं ने उफरी गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को बेटियों की शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।

रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद छात्राएं हाथों में जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर गांव की गलियों में निकलीं। इस दौरान उन्होंने “बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ”, “हर बेटी पढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा” तथा “हर घर की यही पुकार, पढ़ने जाएं बेटियां हर बार” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

ग्रामीणों ने छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए बेटियों को शिक्षित बनाने का संकल्प लिया। रैली के दौरान छात्राओं ने घर-घर जाकर अभिभावकों से अपनी बेटियों का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित शिक्षा दिलाने की अपील भी की।

प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है तथा बालिका शिक्षा समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक बेटी शिक्षित होगी, तभी एक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!