स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी लुटेरे गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

Share

महिला लूटकांड का खुलासा, केटीएम सवार दो शातिर अपराधी दबोचे गए
फूलपुर, आजमगढ़। थाना फूलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महिलाओं से लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर तथा शिव कुमार राजभर उर्फ लाला पुत्र ललई राजभर निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर फूलपुर और सरायमीर क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के संबंध में 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार 24/25 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम मोटरसाइकिल से मुड़ियार ईदगाह के पास किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से पुलिस वाहन की हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद बदमाशों द्वारा लगातार फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लग गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने 17 जून को फूलपुर-दुर्वाषा मार्ग पर एक महिला से पर्स लूटने तथा 14 जून को सरायमीर क्षेत्र में महिला से छिनैती की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने माहुल, पवई सहित अन्य क्षेत्रों में भी मोबाइल छिनैती की कई घटनाओं में संलिप्तता कबूल की है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त केटीएम- मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों के अन्य सहयोगियों और उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!