लखनऊ अग्निकांड के बाद जिलाधिकारी ने दिए सघन जांच के निर्देश
आजमगढ़ । लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुई अग्निकांड की घटना के मद्देनजर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपद के सभी कोचिंग सेंटरों, कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक लाइब्रेरी में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्निशमन मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आवश्यकतानुसार विशेष जांच दल गठित कर तत्काल प्रभाव से अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा फायर एनओसी की वैधता की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अधिकांश अग्नि दुर्घटनाएं विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण होती हैं, इसलिए विद्युत वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष परीक्षण किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इमरजेंसी एग्जिट मार्ग पूरी तरह अवरोध मुक्त हों।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या गंभीर कमियां पाई जाएंगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को अभियान की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कमियां पाए जाने पर की गई कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों में सुरक्षा संस्कृति विकसित करना और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है।





