फूलपुर, आजमगढ़। सरकारी विभागों में पारदर्शिता एवं सुशासन बनाए रखने के लिए शासन स्तर से तीन वर्ष से अधिक समय तक एक ही पटल पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं पटल परिवर्तन के निर्देश जारी हैं। इसके बावजूद फूलपुर क्षेत्र के विभिन्न विभागों में कई कर्मचारी वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील, विकास खंड तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में कुछ लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं कर्मचारी आठ से दस वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है और आम लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती के कारण कुछ कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर समय-समय पर शिकायतें भी सामने आती रही हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती। उन्होंने शासन की स्थानांतरण नीति का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ऐसे कर्मचारियों का पटल परिवर्तन एवं स्थानांतरण किए जाने की मांग की है।
पवन कुमार, नीलकमल यादव, राजेश यादव, सियाराम यादव, शाहिद समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सभी विभागों में स्थानांतरण नीति का समान रूप से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग की है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार एवं खंड विकास अधिकारी फूलचंद्र सरोज ने बताया कि एक तहसील से दूसरी तहसील अथवा एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में स्थानांतरण की प्रक्रिया जिला मुख्यालय स्तर से की जाती है। तहसील के भीतर मंडल परिवर्तन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर गांवों का परिवर्तन किया जा सकता है, जबकि अन्य सभी प्रकार के स्थानांतरण का अधिकार जिला स्तर पर निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई संबंधित स्तर पर की जाती है तथा स्थानांतरण संबंधी निर्णय सक्षम अधिकारियों द्वारा लिए जाते हैं।
रिपोर्ट_आर पी सिंह





