स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

आंधी-तूफान से दर्जनों विद्युत पोल क्षतिग्रस्त, तार और केबल टूटे, बारिश से किसानों को नहीं मिली राहत

Share

फूलपुर, आजमगढ़। गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने क्षेत्र में व्यापक नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण दर्जनों विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली के तारों और केबलों पर गिर गईं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि हल्की बारिश हुई, लेकिन किसानों और आम लोगों को इससे कोई विशेष राहत नहीं मिल सकी।

शाम करीब सवा चार बजे अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी का वेग इतना तेज था कि लोग अपने दोपहिया और अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। तूफान शुरू होते ही एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, लेकिन तब तक कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर बिजली लाइनों पर गिर चुकी थीं।

आंधी का सबसे अधिक असर इटकोहिया, सुदनीपुर, उदपुर, शहजेरपुर, टेवगा, झकहा, लोनियाडीह, जोमा, बक्सपुर, मिजवा तथा तहसील परिसर सहित आसपास के गांवों में देखने को मिला। कई जगहों पर विद्युत पोल गिर गए और तार व केबल क्षतिग्रस्त हो गए।

वहीं किसानों का कहना है कि बारिश बहुत कम होने के कारण खेतों में पर्याप्त नमी नहीं पहुंच सकी। इससे न तो फसलों को कोई विशेष लाभ मिला और न ही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिल पाई।

आंधी-बारिश थमने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त तारों और उपकरणों को दुरुस्त करने में जुट गए। उपखंड अधिकारी विद्युत फूलपुर भूप सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त उपकरणों को ठीक कर जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी तथा जहां पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं वहां नए पोल खड़े कर आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्ट_ आर पी सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!