फूलपुर (आजमगढ़)। कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ में नवागत कोतवाल देवेन्द्र प्रताप सिंह ने जनसुनवाई की कमान संभाली। पदभार ग्रहण करने के बाद शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुना।
समाधान दिवस के दौरान कुल 23 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल ने राजस्व और पुलिस विभाग की 4 संयुक्त टीमों का गठन किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मौके पर जाकर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 3 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिनमें 1 मामला पुलिस विभाग और 2 मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। शेष 20 मामलों के लिए राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपालों की टीमें अलग-अलग गांवों के लिए रवाना की गईं। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।







