स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

इंसाफ की गुहार: चंदा जुटाकर हो रहा इलाज, 83 घंटे बाद भी नहीं उठा हादसे से पर्दा, ग्रामीणों में आक्रोश

Share

फूलपुर, आजमगढ़ : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में युवक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना 83 घंटे बाद भी रहस्य बनी हुई है। पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ या उसके साथ कोई घटना हुई। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार सुदनीपुर निवासी 26 वर्षीय प्रदीप तिवारी उर्फ सोनू पुत्र प्रेम किशोर तिवारी चार मई की रात लगभग 10:15 बजे मोबाइल पर किसी से बात करते हुए घर से निकले थे। करीब 10:30 बजे गांव के ही ज्ञान सागर की दुकान के पास वह खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़े मिले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने उन्हें ताहिर मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया तथा परिजनों को सूचना दी।

गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन दोबारा उन्हें ताहिर मेमोरियल अस्पताल ले आए, जहां वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घायल की मां बिन्ध्याचली देवी से सड़क दुर्घटना की तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन घटना की वास्तविकता सामने लाने में अब तक सफल नहीं हो सकी है। गांव के लोग चंदा जुटाकर इलाज का खर्च उठा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में प्रदीप रात 10:23 बजे सड़क के बाएं किनारे अपने घर की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। उसी दौरान एक बाइक भी वहां आकर रुकती है, लेकिन आगे का कैमरा खराब होने से घटना की स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आ सकी। ग्रामीण अंकित, मनीष, आशीष, विपिन, महेंद्र प्रसाद, प्रमोद, रवि और अंगद समेत अन्य लोगों का कहना है कि यदि यह सड़क हादसा होता तो शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान होते, जबकि गंभीर चोट केवल सिर पर है। इसी वजह से ग्रामीण इसे संदिग्ध घटना मान रहे हैं।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग जिला प्रशासन से की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दुर्घटना का मुकदमा दर्ज होने का मतलब यह नहीं कि मामला केवल दुर्घटना का ही है। जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट _ आर पी सिंह 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!