आजमगढ़। जिले के फूलपुर तहसील अंतर्गत कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक निजी चाइल्ड केयर सेंटर में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फूलपुर के ग्राम ऊदपुर निवासी जितेंद्र चौहान के अनुसार, वह मंगलवार को अपने तीन वर्षीय पुत्र आयांश को उपचार के लिए पुराना मिर्चा मंडी रोड स्थित एक चाइल्ड केयर सेंटर लेकर गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने बच्चे को आईवी कैनुला (विगो) लगाने के कई प्रयास किए, लेकिन सही तरीके से नहीं लगा सके। बार-बार सुई चुभाने से बच्चे की हालत बिगड़ गई।
🚨 #BREAKING: #आजमगढ़। जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र में स्थित एक निजी चाइल्ड केयर सेंटर में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।@Phoolpurexpress @brajeshpathakup @dmazamgarh pic.twitter.com/BCFtO4S1BY
— Phoolpur Express (@Phoolpurexpress) April 22, 2026
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो अस्पताल कर्मियों से उनका विवाद हो गया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित क्लिनिक में अप्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी और फर्जी डॉक्टर कार्यरत हैं तथा बिना वैध दस्तावेजों के अस्पताल का संचालन किया जा रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अस्पताल के स्टाफ और समस्त कागजातों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।







