स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

फूलपुर: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शनिदेव महाराज की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न

Share

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, घंटों-घड़ियालों की गूंज से भक्तिमय हुआ नगर

रिपोर्ट _मनोज मोदनवाल / फूलपुर 

फूलपुर (आजमगढ़) | स्थानीय कस्बा स्थित नागा बाबा सरोवर के पावन तट पर स्थित शिव शिवाला राम जानकी मंदिर परिसर में गुरुवार को सूर्यपुत्र शनिदेव महाराज की नई प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। दशरथ प्रसाद और सुनील मोदनवाल की अगुआई में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।

कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञाचार्य निलेश तिवारी, पंडित महत्तम चौबे और पंडित रणधीर चौबे के सानिध्य में हुआ। पुरोहितों द्वारा वेदी निर्माण, कलश स्थापना और नवग्रह पूजन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शनिदेव महाराज को आहुतियां दी गईं। हवन और पूर्णाहुति के पश्चात प्रतिमा का प्राण-प्रतिष्ठा संस्कार पूर्ण किया गया।

प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान के जयकारों और वाद्य यंत्रों, घंटे-घड़ियालों व डमरू की गूंज के साथ यात्रा बस स्टॉप, डीह बाबा, मेन रोड, शंकर जी तिराहा, चूना चौक और शनिचर बाजार होते हुए आचारी बाबा मंदिर, मां भवानी मंदिर, घास मंडी और बाबा परमहंस मंदिर तक पहुंची।

शोभायात्रा में भक्ति संगीत की धुनों पर श्रद्धालु थिरकते नजर आए। भगवा ध्वज लिए युवाओं के समूह और पीले परिधानों में सजी महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति यात्रा को और भी मनमोहक बना रही थी। नगर भ्रमण के बाद यात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई, जहाँ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कैलाश सेठ, राजेश मोदनवाल, अमरचंद, रामअशीष, अड़बंगी दास, वैशाली, दीनानाथ, चंदन, अर्जुन, कुन्दन, दिलीप, जगदीश प्रसाद, सुरेश, प्रदीप, संदीप, मनीष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!