नाबालिग से दरिंदगी करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
फूलपुर (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (अप्राकृतिक कृत्य) का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, बीती 24 मार्च को दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के ही दो युवक, मो. उमर और फैसल, किशोरी को दुकान से सामान दिलाने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। आरोपी उसे गांव के बाहर रसूलपुर के पास एक सुनसान ट्यूबवेल पर ले गए, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके कारण वह सहम गई और शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। दोबारा धमकी मिलने पर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के निर्देशन में उ.नि. अजीज खान ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार दोपहर करीब 12:10 बजे सहजेरपुर पुलिया के पास से दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. उमर (21 वर्ष) और फैसल (20 वर्ष) निवासी ग्राम लोनियाडीह के रूप में हुई है।







