अचारी बाबा मंदिर से शुरू हुई रामजी की झांकी; जगह-जगह पुष्प वर्षा और महाआरती से हुआ स्वागत
रिपोर्ट _ मनोज मोदनवाल /फूलपुर, आजमगढ़
फूलपुर (आजमगढ़)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘श्री राम नवमी’ के पावन अवसर पर शुक्रवार की शाम नगर पंचायत फूलपुर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। श्री राम-जानकी अचारी बाबा मंदिर परिसर से मंदिर पुजारी ऋषि तिवारी के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें उमड़े जनसैलाब और प्रभु के जयकारों से पूरा वातावरण राममय हो गया।
शोभायात्रा का आगाज सभी देव स्वरूप झांकियों के माल्यार्पण, विधि-विधान से पूजन और भव्य आरती के साथ हुआ। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभु का अभिनंदन किया। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
अचारी बाबा मंदिर से शुरू होकर शोभायात्रा मां भवानी तिराहा, शनिचर बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, चूना चौक, शंकर जी तिराहा, मेन रोड, सिनेमा रोड, बस स्टॉप, मंगल बाजार और गल्ला मंडी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और वीर हनुमान की मनमोहक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा में बैंड-बाजा और डीजे की धुन पर युवा थिरकते रहे, वहीं दुर्गा कीर्तन मंडली ने पूरे मार्ग में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वारों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। शंकर जी तिराहा पर सुरेश मौर्य, बस स्टॉप पर राजेश मोदनवाल (चुटटूर सद्भावना) और गल्ला मंडी में चिरंजीव जायसवाल के नेतृत्व में प्रभु की आरती उतारी गई और भक्तों के बीच मिष्ठान्न व जलपान का वितरण किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। महिला पुलिस बल के साथ भारी संख्या में पुलिसकर्मी पूरी यात्रा के दौरान साथ रहे। इस अवसर पर भानु प्रताप चौहान, राज कुमार, अजय जायसवाल, अतुल, जय प्रकाश रूंगटा, अभय सिंह, संतोष शर्मा, सोहन लाल, अरविन्द जी, राम प्यारे मौर्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







