अतरैठ, लोहरा और बढ्या में खुली चौकियां, ग्राम प्रहरियों को बांटी टॉर्च और सीटी, छात्राओं को किया जागरूक
अतरौलिया (आजमगढ़)। जनपद की सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों पर पैनी नजर रखने के उद्देश्य से शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना अतरौलिया क्षेत्र में तीन नवनिर्मित पुलिस चौकियों का लोकार्पण किया। SSP ने अतरैठ, लोहरा और बढ्या पुलिस चौकियों का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने साफ-निर्देश दिए कि जनसुनवाई में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीमावर्ती इलाकों पर रहेगी पैनी नजर
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि इन चौकियों की स्थापना से सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

चौकीदारों का सम्मान और जनसंवाद
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिस विभाग के पूर्व कर्मियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी कड़ी ‘ग्राम प्रहरियों’ (चौकीदारों) को मुस्तैदी के लिए सीटी, डोरी और टॉर्च वितरित की। इसके बाद उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए मातहतों को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सुरक्षा व्यवस्था में आम जन का सहयोग अपरिहार्य है।”

मिशन शक्ति: छात्राओं को बांटी शिक्षण सामग्री
‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में एसएसपी ने स्कूली छात्राओं को सुरक्षा और स्वावलंबन का पाठ पढ़ाया। छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और उनके उत्साहवर्धन के लिए शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी, थाना प्रभारी अतरौलिया सहित भारी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







