नाबालिग से मारपीट के बाद कुकर्म का आरोप, क्षेत्र में सनसनी
फूलपुर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के लोनियाडीह गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक पिता ने गांव के ही कुछ युवकों पर अपने 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट करने और अप्राकृतिक यौन संबंध (कुकर्म) बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रास्ते में रोककर दिया घटना को अंजाम
ग्राम लोनियाडीह निवासी पीड़ित पिता अबु जैद पुत्र अकील द्वारा थाना फूलपुर में दी गई लिखित तहरीर के अनुसार, उनका 14 वर्षीय पुत्र बीते 24 मार्च को किसी काम से घर से बाहर गया था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल उनके पुत्र को मारा पिटा, बल्कि उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म भी किया।
पीड़ित किशोर ने घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि घटना के समय कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे जिन्होंने आरोपियों का साथ दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
पुलिस की कार्रवाई
इस सनसनीखेज मामले में फूलपुर पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आते ही एसएचओ ने जांच के निर्देश दे दिए हैं। पुलिस टीम साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।
“मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दे दिए गए थे। वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” — प्रभारी निरीक्षक, थाना फूलपुर







