रिपोर्ट _वशिष्ठ मौर्य
अंबारी (आजमगढ़): आजमगढ़-शाहगंज मुख्य मार्ग पर स्थित सुधांशु गैस एजेंसी (बिलार मऊ) पर रविवार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं का तांता लगा रहा। कई दिनों से गैस की किल्लत झेल रहे लोगों की भारी भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा।
एजेंसी पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि वे पिछले कई दिनों से लगातार गैस के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। हर बार उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता था कि गैस की खेप अभी नहीं आई है। कई दिनों के इंतजार के बाद जब आज गैस वितरण की सूचना मिली, तो सुबह तड़के से ही सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ता कतारों में लग गए।
भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से अंबारी चौकी इंचार्ज ने सुबह से ही एजेंसी पर दो पुलिस गार्डों की ड्यूटी लगा दी। पुलिस की देखरेख में उपभोक्ताओं को लाइन में लगवाकर नंबर के अनुसार गैस का वितरण कराया गया। हालांकि, कड़ाके की धूप और लंबी कतारों के कारण लोगों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गैस एजेंसी पर भीड़ का आलम यह था कि सड़क के किनारे तक लंबी लाइनें लगी रहीं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की समय पर उपलब्धता न होने के कारण उनके घरों के चूल्हे ठंडे पड़े हैं और उन्हें बार-बार एजेंसी आने-जाने में समय और पैसे दोनों की बर्बादी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन की सख्ती के बाद आज वितरण कार्य शांतिपूर्ण ढंग से शुरू तो हुआ, लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति की कमी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है।







