आजमगढ़ | उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0′ के अंतर्गत शनिवार को जनपद आजमगढ़ में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और नोडल अधिकारी चिराग जैन (SP ग्रामीण) व क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जिले भर में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जनपद की समस्त एंटी रोमियो टीमों ने पार्कों, बाजारों, मॉल्स और भीड़-भाड़ वाले हॉट-स्पॉट्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ की गई और महिलाओं को सुरक्षित माहौल का एहसास कराया गया।

महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, बीसी सखी, लेखपाल और आशा वर्कर्स के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम और वार्ड स्तर पर चौपाल लगाई। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन (1090, 181, 112) और साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए गए। साथ ही सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।








