राष्ट्र की मजबूती के लिए ज्ञान के साथ शौर्य भी अनिवार्य: आचार्य ज्ञान प्रकाश

Share

फूलपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल में आर्य वीर दल का साप्ताहिक प्रशिक्षण संपन्न

फूलपुर (आजमगढ़): डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल दयानंद बाल विद्या मंदिर में आर्य वीर दल द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने आत्मरक्षा और शारीरिक दक्षता का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्य वीर दल (पूर्वी उत्तर प्रदेश) के महामंत्री आचार्य ज्ञान प्रकाश वैदिक ने अपने संबोधन में युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि किसी भी सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए ज्ञान (ब्रह्म शक्ति) के साथ-साथ शौर्य (क्षात्र शक्ति) का होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि विद्या हमें दिशा दिखाती है, लेकिन शौर्य और अनुशासन ही राष्ट्र की रक्षा का आधार बनते हैं।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने दंड-बैठक, व्यायाम, आत्मरक्षा के गुर और शारीरिक संतुलन से जुड़े विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया। यह पूरा कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के प्रधान व्यायाम शिक्षक दिनेश आर्य के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। स्वयंसेवकों ने दिखाया कि कैसे अनुशासन और समर्पण के बल पर एक चारित्रिक रूप से मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए ऐसे प्रेरणादायी शिविरों का आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से किया जाता रहेगा।


रिपोर्ट: सुरेश कुमार धारिया


Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!