फूलपुर तहसील क्षेत्र में अमन-चैन और भाईचारे की दिखी मिसाल
फूलपुर, आजमगढ़ | फूलपुर तहसील क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बृहस्पतिवार को पूरे अकीदत, एहतराम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा देश और समाज में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
फूलपुर, पवई, माहुल, अहरौला समेत विभिन्न गांवों और कस्बों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में कुर्बानी की रस्म अदा की। त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों में विशेष पकवान तैयार किए तथा रिश्तेदारों और परिचितों का स्वागत किया।
बकरीद के अवसर पर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की गई। एसडीएम, सीओ तथा थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया।
प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की, जिसका सकारात्मक असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और इंसानियत का पर्व है, जो समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। पूरे तहसील क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।
रिपोर्ट _ आर पी सिंह






