स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

अहमदाबाद में इबोला वायरस का संदिग्ध मरीज मिलने से सतर्कता बढ़ी

Share

कांगो से लौटे बैंककर्मी समेत तीन लोग क्वारंटाइन, रिपोर्ट का इंतजार

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद में इबोला वायरस का एक संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संदिग्ध मरीज के संपर्क में आए दो अन्य लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि अभी तक किसी में संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदेश के आरोग्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि अमीरी लोकाला नामक 37 वर्षीय बैंककर्मी हाल ही में अफ्रीकी देश कांगो से मुंबई होते हुए वडोदरा पहुंचा था। एहतियात के तौर पर उसे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में एकांतवास में रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज के संपर्क में आए दो अन्य लोगों की भी जांच की गई है। इनमें डॉक्टर सुनील मूसा भी शामिल हैं। तीनों को 11 दिन तक क्वारंटाइन में रखा जाएगा और उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मंत्री पानशेरिया ने कहा कि फिलहाल इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी आवश्यक जांचें कराई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

गौरतलब है कि इबोला वायरस वर्तमान में मध्य और पश्चिम अफ्रीका के कई देशों में फैला हुआ है। कांगो, युगांडा, सूडान, गैबॉन, गिनी, लाइबेरिया और सिएरा लियोन इससे प्रभावित बताए जा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे लेकर वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करते हुए कई देशों के लिए गाइडलाइन जारी की है।

भारत सरकार और डीजीसीए ने भी इबोला वायरस को लेकर एडवाइजरी जारी की है। देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमा क्षेत्रों पर अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। एयरलाइंस को भी विशेष स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है।

Editor Karishma
Author: Editor Karishma

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!