-
आमगांव निवासी पीड़ित घनश्याम का गंभीर आरोप
-
मुकदमे के अनुपालन के नाम पर घूस- पीड़ित
आजमगढ़: मार्टिनगंज तहसील एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में है। तहसील में लगातार राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर रिश्वतखोरी के आरोप सामने आने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला कानूनगो रामबचन यादव के कथित रिश्वत वीडियो से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित रूप से रिश्वत के लेन-देन का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरोप है कि मामला सामने आने के बावजूद अब तक न तो कोई बड़ी विभागीय कार्रवाई की गई और न ही एफआईआर दर्ज हुई है।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि मामले को पैसे वापस कराकर शांत कराने का प्रयास किया गया। इसे लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि मार्टिनगंज तहसील में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई राजस्व कर्मियों पर रिश्वतखोरी के आरोप लग चुके हैं। कुछ दिन पूर्व कानूनगो जयप्रकाश यादव को एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं कानूनगो जुल्फेकार अहमद का कथित रिश्वत वीडियो भी वायरल हुआ था।
इसके अलावा लेखपाल वैभव आनंद सिंह पर कैंसर पीड़ित व्यक्ति से जमीन पट्टा कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे।
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद अब सवाल केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर उठने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की गई तो भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलने का संदेश जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और चर्चाओं का माहौल है। लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






