स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

बारात में विवाद के बाद पत्थरबाजी, अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त; हंगामे के बाद मरम्मत, पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

Share

आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानपुर चित्रावल मुडीयार गांव में मंगलवार देर रात एक बारात के दौरान दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया, जिसमें गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि बारात में शामिल कुछ अज्ञात लोगों ने गांव में घुसकर घरों में भी मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। घटना के बाद दलित समाज के बड़ी संख्या में लोग बिंद परिवार के घर चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और कार्यक्रम रुकवा दिया।

सूचना पर फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराते हुए बारात की सकुशल विदाई कराई। साथ ही प्रतिमा की मरम्मत और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बुधवार सुबह जब पुलिस और ग्राम प्रधान द्वारा क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत शुरू कराई गई तो दलित समाज के लोग और कुछ स्थानीय नेता मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए विरोध करने लगे। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बारात में शामिल दूल्हा, उसके भाई-चाचा समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जबकि कुछ को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

करीब दोपहर तक चले विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कार्रवाई के भरोसे पर लोग शांत हुए। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त अंबेडकर प्रतिमा की मरम्मत कराई गई और गांव में स्थिति सामान्य हो गई।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!