हमलावरों ने गाड़ियां भी तोड़ीं, पुलिस को दी गई नामजद तहरीर
फूलपुर (आजमगढ़): फूलपुर तहसील क्षेत्र में ऊदपुर स्थित बर्तन कारखाने और कोल्ड स्टोरेज में शुक्रवार शाम दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। चिमनी से निकलने वाले धुएं के मामूली विवाद को लेकर दर्जनों लोगों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में कारखाने के मालिक कैलाशनाथ रूंगटा और उनके तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हमलावरों ने कारखाने में खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

शनिचर बाजार निवासी कैलाशनाथ रूंगटा का फूलपुर में बर्तन कारखाना और कोल्ड स्टोरेज है। शुक्रवार की शाम करीब 7:00 बजे, कारखाने के पीछे रहने वाले मनोज यादव और उनके परिजनों ने कारखाने की चिमनी से निकलने वाले धुएं को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अपने 10-15 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर कारखाने पर धावा बोल दिया।
पीड़ित कैलाशनाथ रूंगटा द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, हमलावर अपने हाथों में लाठी-डंडा, ईंट और लोहे की रॉड लेकर आए थे। उन्होंने कारखाने में घुसकर गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर मालिक समेत कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस मारपीट में कर्मचारी पंकज, मोहन और कमलेश को गंभीर चोटें आई हैं। दबंगों ने कारखाने के परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और उनके शीशे चकनाचूर कर दिए।

घटना के दौरान जब पीड़ित ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो हमलावर और उग्र हो गए। उन्होंने पीड़ित और उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले। घटना के बाद कारखाने में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।

पीड़ित कैलाशनाथ रूंगटा ने थाना प्रभारी फूलपुर को प्रार्थना पत्र देकर मनोज यादव, आर्यन यादव, अयन यादव, अमरनाथ यादव और रामगरीब यादव नामजद समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







