“फूलपुर में मिला युवक निकला पवई का पंकज, माँ-बहन ने पहचाना”
फूलपुर (आजमगढ़): नगर के नई मछली मार्केट के पास शुक्रवार सुबह बेहोशी की हालत में मिले अज्ञात युवक की शिनाख्त हो गई है। युवक की पहचान पंकज पांडे निवासी चकिया ग्रामसभा (थाना पवई), माहुल के पास के रूप में हुई है। पुलिस और सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिलने पर युवक की माँ और बहन तत्काल अस्पताल पहुँचीं और उसकी पहचान की।
नशे की हालत में हुआ था बेहोश
शुरुआती आशंका जहरखुरानी की जताई जा रही थी, लेकिन होश आने पर पंकज ने बताया कि वह अत्यधिक शराब के नशे के कारण बेहोश होकर गिर गया था। उपचार के बाद जब उसे थोड़ा होश आया, तो उसने अपनी पहचान बताते हुए कहा कि वह माहुल क्षेत्र के चकिया का रहने वाला है।
पंकज ने बताया कि उसकी बड़ी बहन का एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ है, जिसके सिलसिले में वह बाहर था। पुलिस द्वारा दी गई सूचना के बाद पंकज की माँ और उसकी बहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फूलपुर पहुँचीं। अस्पताल के बेड पर भाई को इस हालत में देख बहन और माँ भावुक हो गईं। माँ और बहन की आवाज़ सुनते ही पंकज की चेतना पूरी तरह वापस आ गई।
पुलिस की सक्रियता से मिला परिवार
कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि युवक को बेहोशी की हालत में मिलने के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हुलिए के आधार पर सोशल मीडिया पर फोटो साझा की गई थी, जिसके बाद परिजनों तक सूचना पहुँची। शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी होने और युवक की स्थिति में सुधार आने के बाद, पुलिस ने उसे उसकी माँ और बहन के सुपुर्द कर दिया।







