वाराणसी। भिखारीपुर तिराहा के पास नो एंट्री में घुसे ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और उस पर बैठा सेंट जांस स्कूल का कक्षा छह का छात्र ट्रैक्टर के नीचे आ गया। इससे गंभीर रूप से घायल हो गया। बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने नशे में धुत ट्रैक्टर चालक की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर शुकुलपुर के रहने वाले प्रसुन्न भट्टाचार्य अपने बेटे सौरभ के साथ स्कूटी से सेंट जांस स्कूल बरेका छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही भिखारीपुर तिराहा के समीप पहुंचें, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई। इससे सौरभ ट्रैक्टर ट्राली के पहिए के नीचे आ गया। वहां मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर चालक की पकड़ कर जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। घायल बालक को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना रहा कि सुबह 7:00 बजे शहर में नो एंट्री लागू हो जाती है। इस दौरान सुबह 7:00 बजे कहां से ट्रैक्टर चालक घुस जाते हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सौरभ के पिता का आरोप है कि भिखारीपुर चौराहे के समीप कंस्ट्रक्शन कंपनी सड़क खोद कर निर्माण कार्य करा रही है। वहां किसी भी प्रकार के यातायात व मानव सुरक्षा एवं नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके चलते हादसे हो रहे हैं। घटना से परिजनों को गहरा सदमा लगा है।
