स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

17 ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारी/सचिव का अभाव, 21 दिन से ग्रामीण परेशान

Share

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल व मानदेय भुगतान ठप; पंचायत कार्यालय से ब्लॉक तक भटक रहे लोग

फूलपुर (आजमगढ़)।फूलपुर विकासखंड में दो ग्राम विकास अधिकारियों के स्थानांतरण के 21 दिन बाद भी रिक्त पदों पर नई तैनाती न होने से 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, मानदेय भुगतान सहित ग्राम पंचायत से जुड़े कई जरूरी कार्य प्रभावित हो गए हैं। परेशान लोग पंचायत कार्यालय से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक लगातार चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम विकास अधिकारी अभिमन्यु यादव और सुनील गोंड का स्थानांतरण क्रमशः ठेकमा और जहानागंज विकासखंड में हुआ था। दोनों को 23 जून को फूलपुर ब्लॉक से कार्यमुक्त कर दिया गया था। उधर, ठेकमा से स्थानांतरित होकर आए दो ग्राम विकास अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण करने के लिए आवेदन देने के बाद अवकाश ले लिया, जिसके चलते संबंधित 17 ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्य ठप पड़ गए।

ग्रामीणों का कहना है कि किसी को परिवार रजिस्टर की नकल चाहिए, तो किसी को जन्म या मृत्यु का पंजीकरण कराना है। वहीं कई लाभार्थियों का मानदेय भुगतान भी लंबित है। सबसे अधिक परेशानी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में हो रही है। नियम के मुताबिक ग्राम पंचायत अधिकारी को 21 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र जारी करना होता है, लेकिन विलंब होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी या उपजिलाधिकारी से स्वीकृति की प्रक्रिया अपनानी पड़ती है, जिससे लोगों को अतिरिक्त आर्थिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों ने रिक्त ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारियों की जल्द तैनाती की मांग की है, ताकि लोगों के जरूरी काम समय पर पूरे हो सकें।

खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने बताया कि रिक्त ग्राम पंचायतों में कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव जिला पंचायत राज अधिकारी को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही संबंधित ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

(रिपोर्ट: आर.पी. सिंह)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!