92.40 प्रतिशत अंकों के साथ मिली बड़ी सफलता, डीएम व सीडीओ ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
आजमगढ़। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की ओवरऑल (विकास एवं राजस्व) रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 92.40 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि विकास एवं राजस्व कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत अनुश्रवण और विभागों के बेहतर समन्वय का परिणाम मानी जा रही है।
जारी रैंकिंग के अनुसार, आजमगढ़ ने राजस्व रैंकिंग में प्रदेश में छठा, विकास रैंकिंग में 15वां तथा ओवरऑल (विकास एवं राजस्व) रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया है।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता जनपद के सभी विभागों द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उत्साहवर्धक है, लेकिन इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जा सकता।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और उत्तरदायित्व के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप जनपद को प्रदेश स्तर पर यह महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर सुधार, नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अधिक प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आगामी रैंकिंग में जनपद और बेहतर प्रदर्शन कर सके।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद की टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करते हुए भविष्य में भी जनपद को प्रदेश में और बेहतर स्थान दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे।





