चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात, एसडीएम-सीओ के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी, नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
फूलपुर, आजमगढ़। राज्य मार्ग संख्या-34 (लखनऊ-बलिया मार्ग) पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) फूलपुर एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस फोर्स, नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम शाम करीब 4 बजे फूलपुर बाजार पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए।
कार्रवाई से पूर्व लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-2 के सहायक अभियंता द्वारा पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले 115 लोगों को नोटिस जारी कर 1 जुलाई 2026 तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, पुलिस, नगर पंचायत एवं पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने पूर्व में स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पाया गया कि 115 लोगों ने पीडब्ल्यूडी की भूमि पर दुकानें, मकान, टिनशेड, चबूतरे तथा अन्य स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा कर रखा है। इसके बाद सभी कब्जाधारकों को विधिवत नोटिस जारी किया गया।

निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद गुरुवार को प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की। जहां अतिक्रमण नहीं हटाया गया, वहां प्रशासन ने मशीनों की सहायता से कार्रवाई प्रारंभ कर दी।

नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्च भी संबंधित कब्जाधारकों से वसूला जाएगा।

अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने तक यह अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर यातायात सुचारु होगा, जाम की समस्या कम होगी और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
🚨#आजमगढ़: #फूलपुर में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन!
✅ 115 कब्जाधारकों को पहले ही नोटिस जारी
✅ एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में कार्रवाई
✅ चार थानों की पुलिस फोर्स रही तैनात
✅ कई दुकानदारों ने स्वयं हटाए टिनशेड व सामान
✅ अतिक्रमण मुक्त अभियान रहेगा जारी- SDM#Azamgarh pic.twitter.com/hwvOnINKsi— Phoolpur Express (@Phoolpurexpress) July 2, 2026
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से फूलपुर बाजार के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कई दुकानदारों ने स्वयं अपने टिनशेड, चबूतरे और सड़क की ओर किए गए अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए हैं।
रिपोर्ट : फूलपुर एक्सप्रेस






