तेरही के दौरान चल रहे पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
फूलपुर, आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊदपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक किशोरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना से दो दिन पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। बाद में आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार ऊदपुर गांव निवासी अनीता यादव पत्नी नन्दलाल यादव ने फूलपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री आकांक्षा यादव 17 जून को सुबह लगभग 11:30 बजे घर में भूसा लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके चचेरे भाई चन्द्रभान यादव पुत्र दीपनारायण यादव तथा चाची सुनीता यादव पत्नी दीपनारायण यादव उसे घर के भीतर खींच ले गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता को चोटें आईं तथा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद आयोजित तेरही कार्यक्रम के दौरान पाटीदारों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि विपक्षी लगातार परिवार को प्रताड़ित कर रहे थे और पूरे घर में दहशत का माहौल बना रखा था। इस संबंध में दो दिन पूर्व भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का आरोप है कि इसी का लाभ उठाकर आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर फूलपुर पुलिस ने नामजद आरोपियों चन्द्रभान यादव एवं सुनीता यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






