आजमगढ़ में शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने किया उद्घाटन
51 प्रतिभागी दिखाएंगे निशानेबाजी का हुनर
आजमगढ़। पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन और निशानेबाजी कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज में प्रथम जनपद स्तरीय आंतरिक शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में 16 जून से 18 जून तक किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर एवं प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं बल्कि धैर्य, एकाग्रता, मानसिक संतुलन और आत्मअनुशासन का उत्कृष्ट माध्यम है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
प्रतियोगिता में कुल 51 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें पुलिस परिवार के बच्चे तथा पुलिस कर्मी शामिल हैं। प्रतियोगिता का संचालन एवं प्रशिक्षण द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज की कोच एवं आयोजक महिला कांस्टेबल शिरीना बानो द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि जनपद पुलिस की यह पहल पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्राप्त होगा।






