स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

फुफेरी बहन की शादी की तैयारी में जुटे युवक की सड़क हादसे में मौत, फुफेरा भाई घायल

Share

फूलपुर एक्सप्रेस, फूलपुर (आजमगढ़)। फुफेरी बहन की शादी की तैयारियों में जुटे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।

फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी 20 वर्षीय विपिन पुत्र अदालती अपनी फुफेरी बहन की शादी की तैयारियों में सहयोग करने के लिए पवई थाना क्षेत्र के खपड़िया चक ओरिल गांव स्थित अपने फूफा के घर आया हुआ था। 31 मई को होने वाली शादी के सिलसिले में वह शनिवार को अपने फुफेरे भाई प्रदीप कुमार के साथ बाइक से फूलपुर बाजार खरीदारी करने आया था।

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों युवक बाजार से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटकोहिया गांव के सामने उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक के परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर किसी अन्य वाहन की टक्कर के साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया बाइक चलाते समय चालक को नींद आने से दुर्घटना होने की संभावना प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक विपिन दो भाइयों और दो बहनों में एक था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में जहां विवाह की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रिपोर्ट _आर पी सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!