शाहगंज, जौनपुर | (डॉo बी के मौर्य शाहगंज संवाददाता )भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती शाहगंज तहसील क्षेत्र के ताखा पश्चिम और ताखा पूर्व में अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहब के अनुयायियों ने भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ ताखा क्षेत्र में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ हुआ। ‘जय भीम-जय भारत’ के गगनभेदी नारों के साथ ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। ताखा पूर्व और ताखा पश्चिम के लोग एकजुट होकर आकर्षक झांकियों के साथ चिरैया मोड़ पहुंचे, जहाँ से विशाल जुलूस की शक्ल में लोग आगे बढ़े।
शोभायात्रा चिरैया मोड़ से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों—जेसीज चौक और श्रीरामपुर रोड—से होते हुए रोडवेज शाहगंज पहुंची। शाम करीब 6:00 बजे यह भव्य जुलूस रामलीला मैदान पहुंचा। यात्रा के दौरान सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रास्ते भर लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
रामलीला मैदान में आयोजित सम्मान समारोह में झांकियों के साथ पहुंचे लोगों और समिति के सदस्यों का सम्मानित अतिथियों द्वारा स्वागत व सम्मान किया गया। इस दौरान लोगों को उपहार भी भेंट किए गए। वक्ताओं ने बाबा साहब के पदचिह्नों पर चलने और शिक्षित समाज बनाने का संकल्प लिया।







