स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

फूलपुर: सीढ़ी के सहारे छत से घर में घुसे चोर, नदी किनारे मिली आलमारी, लाखों के जेवर पार

Share

प्रभारी निरीक्षक का दावा: जल्द होगा वारदात का पर्दाफाश

फूलपुर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मौना गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी आलमारी व बक्सा उठा ले गए। चोरों ने कीमती जेवर और नकदी समेटने के बाद खाली आलमारी व बक्सा गांव से कुछ दूर नदी के किनारे फेंक दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच पड़ताल की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।

ग्राम मौना निवासी शीतला त्रिपाठी के तीन पुत्र हैं, जिनमें से दो गुजरात में नौकरी करते हैं और बड़े पुत्र फूलपुर नगर में रहते हैं। घर पर शीतला त्रिपाठी और उनकी मंझली बहू हिमांगी ही रहते हैं। सोमवार की रात शीतला त्रिपाठी दरवाजे पर और बहू बरामदे में सो रही थी। रात करीब एक बजे जब बहू की नींद खुली, तो उसने देखा कि कमरे और पिछले हिस्से का दरवाजा खुला है तथा अंदर रखी लोहे की आलमारी व बक्सा गायब है। बहू के शोर मचाने पर ससुर अंदर भागे और नजारा देख दंग रह गए।

घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने खोजबीन शुरू की, तो घर से करीब 100 मीटर दूर पश्चिम दिशा में नदी के किनारे आलमारी और बक्सा पड़ा मिला। आलमारी से सोने की नथिया, मांग टीका, मंगलसूत्र, कान के झाले, सोने की चेन, अंगूठी, कान की बाली, पायजेब और पायल सहित करीब 10 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पुलिस की मौजूदगी में बिखरा हुआ सामान और आलमारी वापस घर लाई गई।

मंगलवार को सूचना पर डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुँची। खोजी कुतिया चोरों के पदचिह्नों का पीछा करते हुए कुछ दूर तक गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित शीतला त्रिपाठी ने थाना फूलपुर में लिखित तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया गया है। कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है और जल्द ही घटना का अनावरण कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट _ आर पी सिंह 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!