गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं: इमरान मसूद

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

सपा पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने का आरोप, बोले- कांग्रेस को मजबूत करना भी हमारी जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं। गठबंधन में प्रत्याशियों की साझा सूची जारी होती है, न कि कोई एक दल अपनी सूची जारी कर देता है।

इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाना विपक्ष की प्राथमिकता है, लेकिन इसके लिए गठबंधन में सभी दलों को बराबर सम्मान मिलना चाहिए। सपा को स्पष्ट करना चाहिए कि उसे भाजपा से लड़ना है या कांग्रेस से। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मतलब आपसी सहयोग और सम्मान है। इसमें किसी भी सहयोगी दल की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच चल रही बातचीत पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केवल 60 सीटों तक सीमित करने की बात स्वीकार करना आसान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें नहीं मिलेंगी तो फिर चुनाव लड़ने का क्या मतलब रह जाएगा? पार्टी का वजूद कायम रखना और उसे मजबूत बनाना भी कांग्रेस की जिम्मेदारी है।

बसपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर मसूद ने कहा कि मायावती कोई छोटी नेता नहीं हैं। गठबंधन को लेकर फैसला उन्हें ही करना है। वहीं, सपा के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम के निमंत्रण के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उम्मीदवारों की सूची और घोषणापत्र सपा का है, इसलिए इस बारे में उसी से सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में आमतौर पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है।

गौरतलब है कि सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके बावजूद सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात सामने आ रही है। इनमें से 22 सीटों पर भाजपा की स्थिति मजबूत होने का दावा किया जा रहा है। 26 सीटों पर गठबंधन करने को लेकर कांग्रेस के भीतर भी एकराय नहीं बन पाई है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन में सीटों का बंटवारा और आपसी तालमेल आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत का अहम मुद्दा बन सकता है।

Leave a Comment

गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं: इमरान मसूद

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

Leave a Comment

error: Content is protected !!