शादी के निमंत्रण की राह में मौत का सफर, हादसे में मां-बेटे की गई जान

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

अंबारी, आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया कुंवर नदी के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मां-बेटे की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी प्रमिला (45) पत्नी सुशील अपने बेटे नीरज (19) के साथ बाइक से सरायमीर स्थित अपनी मौसी के घर शादी का निमंत्रण देने जा रही थीं। अभी वे पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंची थीं कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रमिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे प्रिंस (22), दूसरे बेटे नीरज (19) और बेटी रागिनी (26) हैं। हादसे में नीरज की मौत से परिवार ने अपना एक सदस्य खो दिया। प्रमिला के पति सुशील पहले मुंबई में रहते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से घर पर ही रह रहे थे।

जिस घर में शादी के निमंत्रण में शामिल होने की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। मां और बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक मौत से सैदपुर गांव में भी शोक की लहर है।

फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटे की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

शादी के निमंत्रण की राह में मौत का सफर, हादसे में मां-बेटे की गई जान

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

Leave a Comment

error: Content is protected !!