बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और संस्कार पर अभिभावक रखें नजर : आलोक आर्य

Share

मोदनसेन महाराज की जयंती धूमधाम से मनी, मेधावी बच्चों और नारी शक्ति का हुआ सम्मान

फूलपुर (आजमगढ़)। स्थानीय बाबा परमहंस जी मंदिर परिसर में बुधवार को अक्षय नवमी के पावन अवसर पर मोदनवाल कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में समाज के कुलदेवता मोदनसेन महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया गया। इस दौरान मेधावी बच्चों, महिलाओं और विभिन्न समाजों से आए अतिथियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मोदनवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य एवं नगर अध्यक्ष राजेश मोदनवाल चुट्टूर ने मोदनसेन महाराज के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपस्थित लोगों ने कुलदेवता को श्रद्धासुमन अर्पित कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्य अतिथि आलोक आर्य ने कहा कि समाज के बेटे-बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और संस्कार के साथ उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखें, ताकि बच्चे गलत दिशा में जाने से बचें। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और संस्कारवान बनाने के साथ इतना आत्मनिर्भर बनाना चाहिए कि वे हर परिस्थिति का मजबूती से सामना कर सकें। युवाओं को सरकारी नौकरी, व्यवसाय, शिक्षण, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, संगीत और राजनीति सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि फूलपुर-पवई क्षेत्र के पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव ने समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने के साथ शारीरिक, आर्थिक, मानसिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने आयोजन को प्रत्येक वर्ष और अधिक भव्यता के साथ आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

अभय सिंह ने कहा कि मोदनवाल समाज अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए सामाजिक सद्भाव और आपसी प्रेम की मिसाल पेश करता है। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी समाज की एकजुटता, शिक्षा और विकास पर अपने विचार रखे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक निरंजन मोदनवाल ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया। वहीं चंदन हलवाई ने द्वादश ज्योतिर्लिंग पाठ का गायन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सम्मान समारोह में वैश्य समाज सहित विभिन्न समाजों से पहुंचे अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग की नारी शक्ति को भगवान श्रीराम की प्रतिमा और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रहलाद आर्य ने की तथा संचालन मनोज गुप्ता, अभय सिंह लालू और विष्णु मोदनवाल ने संयुक्त रूप से किया। अंत में समिति अध्यक्ष राजेश मोदनवाल चुट्टूर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश, मक्खन लाल, हीरालाल मोदनवाल, डॉ. बीपी गुप्ता, सुरेश सोनकर, आशीष मद्धेशिया, चंद्रिका प्रताप यादव, रत्नेश, भानू प्रताप चौहान, अरविंद रावत, सुरेश गुप्ता, अंगद सोनकर, मिथिलेश, विमलेश, हिमांशु, दीपक, रामू, संजय, विजय, चंचल प्रसाद, ओंकार नाथ, रमेश, नूरी मोदनवाल सहित वैश्य समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!