हादसा: फूलपुर के चमावा इब्राहिमपुर के पास सुबह 8 बजे हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर।

Share

फूलपुर, आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के चमावा इब्राहिमपुर के पास शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में हाईस्कूल के परीक्षार्थी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के सकतपुर निवासी 19 वर्षीय समीर पुत्र नसीम और उसका दोस्त 18 वर्षीय आकिफ पुत्र निसार एक ही बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने निकले थे। सुबह करीब आठ बजे इब्राहिमपुर स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद जैसे ही वे सड़क पर आगे बढ़े, सामने से आ रही टाटा पंच कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीर उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। वहीं, आकिफ सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकिफ को प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Karishma G
Author: Karishma G

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!