ब्रह्मकुमारी कार्यक्रम में चार ग्रेजुएट लड़कियों ने शिवलिंग पर वरमाला चढ़ाकर शिव जी से किया विवाह

Share

दुल्हनों ने आजीवन ब्रह्मचर्य का संकल्प

झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है। यहां ग्रेजुएशन कर चुकी 4 युवतियों ने भगवान शिव शंकर से विवाह किया है। विवाह समारोह के दौरान भगवान शिव के प्रतीक शिवलिंग को सजाया गया, उसके ऊपर पगड़ी बांधी गई। भगवान शिव बाकायदा बारात लेकर आए थे, फिर दूल्हा बने भोले बाबा के साथ पूरी बारात का स्वागत किया गया। इसके बाद पारंपरिक परिधान में सजी दुल्हनों ने शिवलिंग को वरमाला पहनाकर अपना पूरा जीवन आध्यात्म के लिए समर्पित कर दिया। वहीं अब यह शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

दरअसल, मऊरानीपुर के कुंज बिहारी पैलेस में एक आश्रम के तत्वावधान में यह विशेष विवाह समारोह आयोजित हुआ। इसमें ग्रेजुएशन कर चुकी रेखा, वरदानी, कल्याणी और आरती ने भगवान के मार्ग पर चलकर सेवा करने की इच्छा जताई,  इसके लिए चारों युवतियों का परिवार भी पहले से तैयार था। ऐसे में 20 जुलाई को आश्रम की ओर से एक विशेष शादी का आयोजन किया गया, चारों युवतियों को दुल्हन की तरह सजाया गया। साथ ही दूल्हा बने शिवलिंग को सजाया गया। इसके बाद भोले बाबा बारात लेकर मैरिज हॉल पहुंचे तो धूमधाम से उनका और बारात का स्वागत हुआ, इस दौरान उनके साथ में नंदी भी थे।

पहले भगवान शिव का तिलक हुआ और फिर मंच पर चारों लड़कियों ने भगवान शिव के प्रतीक शिवलिंग को वरमाला पहनायी। वरमाला पहनाने के बाद चारों लड़कियों ने सात फेरों की तरह सात वचनों का पालन करने की शपथ ली । साथ ही चारों लड़कियों ने जीवन भर ब्रह्मचर्य का पालन कर समाज और विश्व सेवा का संकल्प लिया। खास बात यह है कि कल्याणी ने इंटरमीडिएट में टॉप किया था और अब स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। वहीं  रेखा, वरदानी और आरती भी ग्रेजुएशन कर चुकी हैं। रेखा और कल्याणी का कहना है कि वे अब संसारिक जीवन नहीं जीना चाहतीं, बल्कि भगवान के मार्ग पर चलकर सेवा करना चाहती हैं। इससे पहले भी करीब 50 हजार युवतियां खुद को ईश्वर को समर्पित कर चुकी हैं। अब ये चारों युवतियां भी उसी पथ पर अग्रसर हो गई हैं।

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!